बरेली जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जनरल टिकट लेकर रिजर्वेशन कोच में चढ़े एक परिवार के सात सदस्य TTE की चेकिंग की जानकारी मिलते ही घबरा गए। ट्रेन के चलते ही उन्होंने नीचे उतरने की कोशिश शुरू कर दी और देखते ही देखते एक के बाद एक लोग चलती ट्रेन से कूदने लगे।

इस दौरान परिवार में एक मासूम बच्ची भी शामिल थी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद GRP और RPF जवानों ने खतरा भांपते ही दौड़कर यात्रियों को संभाल लिया। जवानों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और परिवार के सभी सात सदस्य सुरक्षित बच गए।

TTE की चेकिंग की खबर से घबराया परिवार
जानकारी के मुताबिक, बरेली निवासी निरंजन अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ बिहार जाने के लिए बरेली जंक्शन पहुंचे थे। परिवार के पास जनरल टिकट था। इसी दौरान अवध आसाम ट्रेन स्टेशन पर पहुंची और जल्दबाजी में सभी लोग रिजर्वेशन कोच में चढ़ गए। ट्रेन स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद परिवार को पता चला कि रिजर्वेशन कोच में TTE टिकटों की जांच कर रहे हैं। इसके बाद परिवार के लोग घबरा गए और चलती ट्रेन से नीचे उतरने का फैसला कर लिया।
चलती ट्रेन से एक-एक कर कूदने लगे 7 लोग
ट्रेन के चलने के बाद परिवार के सदस्य दरवाजे की ओर पहुंचे और नीचे उतरने लगे। कुछ लोग चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर कूद गए। इस दौरान स्थिति बेहद खतरनाक हो गई।प्लेटफॉर्म पर तैनात GRP और RPF जवानों की नजर जैसे ही यात्रियों पर पड़ी, वे तुरंत उनकी तरफ दौड़े। जवानों ने कूद रहे लोगों को संभाला और उन्हें सुरक्षित किया। परिवार में शामिल बच्ची को भी समय रहते बचा लिया गया।

CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
बरेली जंक्शन पर हुई पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में ट्रेन के चलने के दौरान परिवार के सदस्यों की जल्दबाजी और प्लेटफॉर्म पर मौजूद GRP-RPF जवानों की सक्रियता दिखाई दे रही है।जवानों की समय पर कार्रवाई नहीं होती तो चलती ट्रेन से कूदने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि परिवार के सभी सात सदस्य सुरक्षित बच गए और किसी की जान नहीं गई।






































