DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुरूद थाना क्षेत्र में दो युवकों ने एक युवक पर सरेआम चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना कुरूद थाना क्षेत्र के सुनील सिनेमा के पास की है। घायल युवक वेदप्रकाश किसी काम से वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश रखने वाले दो युवक मौके पर पहुंचे और उसे घेर लिया। विवाद बढ़ने से पहले ही आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने वेदप्रकाश की कमर पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।






































