BILASPUR NEWS. कोटा क्षेत्र में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से बिजली विभाग के एक ठेका कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब कर्मचारी बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहा था। अचानक लाइन में विद्युत प्रवाह शुरू होने से वह करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, ग्राम अमाली निवासी 25 वर्षीय नीलकमल भारद्वाज, पिता रामकिशुन भारद्वाज, बिजली विभाग में ठेका कर्मचारी था। बुधवार दोपहर वह गढ़ापारा स्थित आईटीआई कॉलेज के पास बिजली लाइन की मरम्मत के लिए खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक लाइन में सप्लाई चालू हो गई, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना पर कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मरम्मत कार्य से पहले लाइन का शटडाउन लिया गया था या नहीं तथा सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

इस हादसे के बाद बिजली विभाग में कार्यरत ठेका कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों पर कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।






































