SAKTI NEWS. सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में 26 जून को हुई महिला की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद था। मृतका पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की हत्या उसके प्रेमी की पत्नी ने 4 लाख रुपये की सुपारी देकर कराई थी। मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा चौहान का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध था। दोनों आयुर्वेदिक दवाओं के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। इस रिश्ते को लेकर मुरलीशंकर की पत्नी चम्पा चौहान लगातार विरोध कर रही थी। आखिरकार उसने पति के साथ मिलकर पूर्णिमा की हत्या की साजिश रची और बदमाशों को 4 लाख रुपये की सुपारी दी।

योजना के तहत 26 जून को गौरीशंकर सिदार और सुनील महंत बाइक से ग्राम जोंगरा पहुंचे। दोनों ने नकाब पहनकर पूर्णिमा पर पिस्तौल से ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी रामगोपाल गर्ग और एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को झारखंड के जमशेदपुर तथा दोनों शूटरों को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया।

पुलिस ने इस मामले में चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, सुनील महंत, गौरीशंकर सिदार, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, राजेंद्र महंत, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक तथा नगद राशि बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।






































