BILASPUR NEWS. साइबर ठगों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शहर की एक 42 वर्षीय शिक्षिका से 76 हजार 550 रुपये की ठगी कर ली। बदनामी के डर से शिक्षिका ने ठगों के झांसे में आकर पांच अलग-अलग किश्तों में पूरी रकम उनके बताए खाते में ट्रांसफर कर दी। हालांकि, समय रहते राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने से 28 हजार 993 रुपये होल्ड करा लिए गए। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़िता को वापस दिलाई जाएगी। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 4 जुलाई की है। शिक्षिका स्कूल में थीं, तभी उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे गए हैं और यदि तुरंत पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उन्हें बदनाम कर दिया जाएगा।

अचानक मिली धमकी से शिक्षिका घबरा गईं और ठगों के झांसे में आकर उनके बताए बैंक खाते में पांच अलग-अलग किश्तों में कुल 76 हजार 550 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी आरोपित लगातार और पैसों की मांग करते रहे। तब शिक्षिका को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुकी हैं।

घटना की जानकारी उन्होंने तत्काल अपने परिजनों को दी। परिजनों की सलाह पर राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई और सिविल लाइन थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट भी दी गई।
शिकायत मिलते ही साइबर पोर्टल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगों के खाते में ट्रांसफर की गई राशि में से 28 हजार 993 रुपये होल्ड करा दिए। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़िता को वापस दिलाई जाएगी। वहीं, अज्ञात साइबर ठगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

सावधानी ही बचाव
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर डर या दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। यदि कोई व्यक्ति वीडियो वायरल करने, गिरफ्तारी या बदनामी की धमकी देकर पैसे मांगता है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।






































