मुंबई। महज 15 दिनों में गोरा बनाने का दावा करने वाली एक स्किन-लाइटनिंग क्रीम पर महाराष्ट्र सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की जांच में पाकिस्तान निर्मित ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ में खतरनाक स्तर पर मरकरी (पारा) और लेड (सीसा) पाए जाने का दावा किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस क्रीम के इस्तेमाल से किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका है।

18 महिलाओं में मिला समान पैटर्न
मामले की शुरुआत नागपुर से हुई, जहां पिछले दो वर्षों में किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित 18 महिलाओं का इलाज किया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान पाया कि सभी महिलाएं लंबे समय से कथित तौर पर ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ का इस्तेमाल कर रही थीं। इनमें मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नामक किडनी की गंभीर बीमारी के मामले सामने आए, जिसमें किडनी की फिल्टरिंग क्षमता प्रभावित हो जाती है।

लैब जांच में मरकरी और लेड की अधिक मात्रा
महाराष्ट्र FDA की लैब जांच में क्रीम में मरकरी और लेड का स्तर निर्धारित सुरक्षित सीमा से कई गुना अधिक पाया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, मरकरी त्वचा में मौजूद मेलेनिन बनाने वाली कोशिकाओं को प्रभावित करता है, जिससे त्वचा कुछ समय के लिए गोरी दिखाई दे सकती है। हालांकि, यह प्रक्रिया शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक मानी जाती है।

स्वास्थ्य पर पड़ सकते हैं गंभीर असर
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक मरकरी युक्त कॉस्मेटिक उत्पादों का इस्तेमाल करने से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, जिनमें—
किडनी डैमेज और किडनी फेलियर
पेशाब में प्रोटीन लीकेज
हाई ब्लड प्रेशर
नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याएं
याददाश्त और एकाग्रता में कमी
शरीर में कंपन और सुन्नपन
त्वचा पर रैशेज और रंग में बदलाव
लगातार थकान और कमजोरी
FDA ने बिक्री पर लगाई रोक
महाराष्ट्र FDA ने राज्यभर के रिटेलर्स, होलसेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स को संबंधित क्रीम की बिक्री तत्काल बंद करने और स्टॉक हटाने के निर्देश दिए हैं।

क्या बरतें सावधानी?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से बिना लाइसेंस या अनियमित स्किन-लाइटनिंग उत्पादों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। कॉस्मेटिक खरीदते समय उत्पाद के लाइसेंस, निर्माता और सामग्री (Ingredients) की जानकारी जरूर जांचें। यदि किसी क्रीम के इस्तेमाल के बाद त्वचा में जलन, सूजन या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो उसका उपयोग तुरंत बंद कर चिकित्सकीय सलाह लें।






































