NAGPUR NEWS. फ्रेंडशिप डे के दिन जहां लोग दोस्ती का जश्न मना रहे थे, वहीं महाराष्ट्र के नागपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दोस्ती और शादी को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर अपनी महिला दोस्त को पुल से नीचे नदी में धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला नागपुर के कन्हान थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 29 वर्षीय अश्विनी सुरेश डे के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उसके दोस्त आशीष मनपिया को गिरफ्तार किया गया है।

गिफ्ट और शादी की बात को लेकर हुआ विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, फ्रेंडशिप डे के मौके पर रविवार को आशीष अश्विनी के घर पहुंचा था। दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन रात बढ़ने के साथ ही किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोस्ती, शादी और फ्रेंडशिप डे पर गिफ्ट को लेकर दोनों के बीच मतभेद हुआ था। बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने के बाद दोनों पुराने रेलवे पुल की ओर चले गए। पुलिस का आरोप है कि वहीं गुस्से में आकर आशीष ने अश्विनी को पुल से नीचे नदी में धक्का दे दिया। नदी में गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

CCTV और मोबाइल लोकेशन से पुलिस पहुंची आरोपी तक
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, मोबाइल लोकेशन की जांच की और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी आशीष मनपिया को नागपुर के ऑटोमोबाइल चौक इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं मृतका के खिलाफ भी दो मामलों की जानकारी मिली है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद आखिर किस वजह से इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। क्या यह अचानक गुस्से में उठाया गया कदम था या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।







































