MAHARASTRA NEWS अकोला: महाराष्ट्र के अकोला जिले में चलती ट्रेन में युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने आरोपी युवक की पिटाई करने के बजाय उसे अनोखे अंदाज में सबक सिखाया। यात्रियों ने उसके हाथों में चूड़ियां पहनाईं, चेहरे पर लाली लगाई और होंठों पर लिपस्टिक लगाकर सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घटना भुसावल-वर्धा पैसेंजर मेमो ट्रेन की है। ट्रेन शेगांव से बडनेरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक युवक ने सफर कर रही एक युवती के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने की कोशिश की। युवती ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत विरोध किया और शोर मचा दिया। 
युवती की आवाज सुनकर डिब्बे में मौजूद अन्य यात्री मौके पर पहुंच गए। यात्रियों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। हालांकि, उसकी पिटाई करने के बजाय उन्होंने अलग तरीके से विरोध जताते हुए उसके हाथों में चूड़ियां पहनाईं, चेहरे पर लाली और होंठों पर लिपस्टिक लगाकर उसे सबके सामने शर्मिंदा किया।
i
इस दौरान ट्रेन में मौजूद किसी यात्री ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स युवती के साहस और यात्रियों की तत्परता की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
j
फिलहाल, इस मामले में पुलिस की ओर से किसी आधिकारिक कार्रवाई या शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि आरोपी युवक के खिलाफ औपचारिक एफआईआर दर्ज की गई है या नहीं। पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।






































