KANKER NEWS. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नक्सली बैनर मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे पूरी तरह फर्जी करार दिया है। जांच में सामने आया कि लोगों में भय और भ्रम का माहौल बनाने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस ने भाजपा नेता शिवा अनिल मिस्त्री और उसके सहयोगी रोहित रंजित मल्लिक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शिवा मिस्त्री कोयलीबेड़ा जनपद पंचायत के क्षेत्र क्रमांक-24 इरपानार से निर्वाचित सदस्य है। वह महाराष्ट्र सीमा से लगे क्षेत्र में एक खनन कंपनी के लिए पोकलेन मशीन और परिवहन का कार्य करता है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान पिपली बुर्गी क्षेत्र में सड़क किनारे एक साइनबोर्ड के नीचे लाल कपड़े का संदिग्ध बैनर मिला था। बैनर पर खुद को नक्सली संगठन बताकर धमकी भरे संदेश लिखे गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गढ़चिरौली निवासी 48 वर्षीय शिवा अनिल मिस्त्री और पखांजूर निवासी 25 वर्षीय रोहित रंजित मल्लिक को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने फर्जी नक्सली बैनर लगाने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों और भ्रामक गतिविधियों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें। दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की भी चेतावनी दी गई है।






































