KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा में युवा कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अदनान मेमन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे।

शिकायत के अनुसार, अदनान मेमन युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में कोरबा शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं और संगठनात्मक कार्यों के सिलसिले में उनका रायपुर आना-जाना लगा रहता है। इसी दौरान उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में ‘4oong.7’ नाम की आईडी से “रायपुर में गोली मार दूंगा” जैसी धमकी दी गई। उनका कहना है कि पिछले तीन दिनों से लगातार इस तरह के धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं।

अदनान मेमन ने बताया कि जिस इंस्टाग्राम आईडी से धमकी दी गई है, उसमें किसी व्यक्ति का नाम, फोटो या फॉलोअर्स नहीं हैं। इससे आशंका है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल किया है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि धमकी देने वाला कोई परिचित व्यक्ति हो सकता है, जो उन्हें डराने या मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश कर रहा है।

शिकायत में अदनान ने पुलिस से मांग की है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान की जाए, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर तकनीकी जांच के माध्यम से धमकी देने वाले की पहचान की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

appeals to SP for security, Candidate for Youth Congress, Chhattisgarh News, City Block President receives death threat, korba news, President receives death threat on Instagram, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, छत्तीसगढ़ के कोरबा, युवा कांग्रेस के शहर ब्लॉक अध्यक्ष पद के प्रत्याशी, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी





































