RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर शिकंजा कसने के बीच रायगढ़ से भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रायगढ़ कलेक्टर कार्यालय के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ क्लर्क राजकुमार सिदार को 50 हजार रुपये का चेक रिश्वत के रूप में स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, बुलाकी गांव निवासी विजय सिदार की पत्नी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद विजय ने शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता और मुआवजा राशि के लिए जिला प्रशासन में आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बावजूद मुआवजे की राशि उनके बैंक खाते में जारी करने के बदले क्लर्क राजकुमार सिदार कथित रूप से रिश्वत की मांग कर रहा था।


परेशान होकर विजय सिदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपये का चेक देकर आरोपी क्लर्क के पास भेजा गया। जैसे ही राजकुमार सिदार ने चेक स्वीकार किया, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक हुई इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ACB अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






































