BILASPUR NEWS. बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित एक कारोबारी के सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि 5 करोड़ रुपये की चोरी की खबर पूरी तरह अफवाह और तथ्यहीन थी। सिविल लाइन थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 1.06 लाख रुपये से अधिक नकद, सोने-चांदी के जेवर समेत अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। कार्रवाई के दौरान उनके पास से नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, पुराने नोट, बहुमूल्य रत्न, पूजा सामग्री तथा धातु फिटिंग सहित अन्य सामान जब्त किया गया।


प्रारंभिक शिकायत में प्रार्थी ने 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नकद और 15 से 20 तोला सोना चोरी होने की आशंका जताई थी। बाद में विस्तृत जांच के दौरान मकान की दोबारा तलाशी लेने पर कुछ कीमती सामान घर के भीतर ही सुरक्षित मिल गया। इसके बाद लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

घटना के बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से यह दावा किया गया कि कारोबारी रजनीश सेठ के घर से करीब 5 करोड़ रुपये नकद, जेवर और बहुमूल्य रत्न चोरी हो गए हैं। हालांकि पुलिस जांच में यह दावा पूरी तरह गलत साबित हुआ। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 5 करोड़ रुपये की चोरी की खबर केवल अफवाह थी और उसका वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं है।






































