BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र स्थित बसंतपुर हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य अनंत कुमार पर उनकी ही एक महिला सहकर्मी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि प्राचार्य लंबे समय से उन पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहे थे। विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने के बाद पीड़िता ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के अनुसार, उसने सबसे पहले इस मामले की शिकायत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से की थी, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस की शरण ली और प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर थाना पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।






































