RAJNANDGAON NEWS : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। संयुक्त टीम ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश के आगरा ले जाई जा रही 41.195 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। कार्रवाई के दौरान गांजा, टाटा योद्धा पिकअप और एक मोबाइल फोन समेत ₹28.65 लाख से अधिक का मशरूका बरामद किया गया। हालांकि पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

एनसीबी की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, एनसीबी रायपुर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी-कोरापुट क्षेत्र से बड़ी मात्रा में गांजा टाटा योद्धा पिकअप वाहन में भरकर राजनांदगांव के रास्ते आगरा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही राजनांदगांव पुलिस और एनसीबी की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा चौक के पास घेराबंदी की।

सीट के नीचे और पीछे छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस को देखते ही संदिग्ध वाहन करीब 300 मीटर पहले रुक गया। वाहन में सवार दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन की सीट के नीचे और पीछे छिपाकर रखे गए 36 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 41.195 किलोग्राम गांजा मिला। वाहन से एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

₹28.65 लाख से अधिक की जब्ती
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजा की अनुमानित कीमत ₹20.59 लाख है। वहीं टाटा योद्धा पिकअप और मोबाइल फोन समेत कुल जब्ती ₹28.65 लाख से अधिक की है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए राजनांदगांव पुलिस और एनसीबी की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।





































