मध्यप्रदेश : इंदौर-महू रेलखंड पर चलने वाली एक डेमू ट्रेन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ट्रेन का लोको पायलट रास्ते में कुछ देर के लिए ट्रेन रोककर नीचे उतरता है और पास की दुकान से समोसे खरीदता है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे की कार्यप्रणाली और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

राऊ-रंगवासा रेलवे ब्रिज का बताया जा रहा वीडियो
वायरल वीडियो को इंदौर के राऊ क्षेत्र स्थित रंगवासा रोड के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में ट्रेन रेलवे ब्रिज पर खड़ी नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि लोको पायलट कथित तौर पर रोजाना कुछ मिनट के लिए ट्रेन रोकता है और फिर पास की दुकान से नाश्ता खरीदने जाता है। लोगों का आरोप है कि इस वजह से ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 10 मिनट तक देरी से चलती है। हालांकि, इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने बनाया वीडियो
बताया जा रहा है कि आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। वीडियो में एक व्यक्ति को ट्रेन से उतरकर दुकान की ओर जाते और फिर वापस ट्रेन की तरफ आते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने रेलवे से मामले की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

रेलवे की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं

फिलहाल वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की पुष्टि नहीं हुई है। यह भी साफ नहीं है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया और क्या यह घटना नियमित रूप से होती है या नहीं। रेलवे की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।






































