RAIPUR NEWS. महादेव ऑनलाइन बुक, स्काईएक्सचेंज और अन्य अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। ED के रायपुर जोनल कार्यालय ने बताया कि विकास गर्ग को 14 जुलाई को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाकर विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 24 जुलाई तक 10 दिन की ED हिरासत में भेज दिया है। ED की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विकास गर्ग की गिरफ्तारी धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा-19 के तहत की गई है।

एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के पूरे तंत्र की जांच की जाएगी। ED ने बताया कि जांच की शुरुआत छत्तीसगढ़ के दुर्ग सहित आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज का नेटवर्क विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी आधारित ‘पैनल सिस्टम’ के जरिए चलता था और इससे हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई होती थी।


शेल कंपनियों के जरिए सफेद किया जाता था काला धन
जांच एजेंसी के मुताबिक, अवैध सट्टेबाजी से अर्जित रकम को शेल कंपनियों के नेटवर्क के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग किया गया। नकद के बदले फर्जी एंट्री देकर धन को दुबई, मॉरीशस और यूनाइटेड किंगडम स्थित कंपनियों के माध्यम से QIP, FPI, FDI और FCCB जैसे निवेश मार्गों से भारत लाया गया। इसके बाद यह रकम विकास गर्ग के स्वामित्व और नियंत्रण वाली सूचीबद्ध व गैर-सूचीबद्ध कंपनियों में निवेश की गई, ताकि अवैध धन को वैध दिखाया जा सके।

अमेरिकी कंपनी EBIX Inc. में खरीदी गई 97.58% हिस्सेदारी
ED के अनुसार, मनी लॉन्ड्रिंग से जुटाए गए धन का इस्तेमाल अमेरिका की कंपनी EBIX Inc. में यूनाइटेड स्टेट्स बैंकरप्सी कोर्ट की प्रक्रिया के जरिए 97.58 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने में भी किया गया। इसके अलावा भारत और विदेशों में शेयर, सिक्योरिटीज और अन्य परिसंपत्तियों में भी निवेश किया गया।






































