GWALIOR NEWS : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद जब पीड़िता अपने मायके चली गई तो आरोपी ने उसके कथित अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा अपने परिचितों के बीच वायरल कर दिए। मामले की शिकायत मिलने पर सिरोल थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

शादी के कुछ समय बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के समथर निवासी 24 वर्षीय युवती की शादी 17 अप्रैल 2024 को ग्वालियर के मंगल कॉलोनी निवासी नवीन गुर्जर के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि विवाह में दहेज का पूरा सामान दिया गया था। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद से ही पति दहेज कम मिलने की बात कहकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा।

पिता के सामने बेरहमी से की मारपीट
पीड़िता का आरोप है कि 11 मार्च 2026 को पति नवीन ने उसके पिता के सामने ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी मांग का सिंदूर भी पोंछ दिया। गंभीर चोटें आने पर पिता और जीजा ने उसे ग्वालियर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका पांच दिन तक इलाज चला। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य उसका हालचाल जानने अस्पताल नहीं पहुंचा।

ससुराल पहुंचने पर नहीं दी घर में एंट्री
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद युवती अपने पिता के साथ झांसी स्थित मायके चली गई। स्वस्थ होने के बाद 8 जुलाई को वह दोबारा ग्वालियर स्थित ससुराल पहुंची, लेकिन आरोप है कि पति ने उसे घर के अंदर तक प्रवेश नहीं करने दिया।

अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि उसके पति ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा अपने दोस्तों के बीच वायरल कर दिए हैं। इस घटना से आहत होकर उसने ग्वालियर के सिरोल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी की तलाश जारी
सिरोल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही पीड़िता को महिला सेल के माध्यम से काउंसलिंग और आवश्यक कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।





































