पहले मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाना में जीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, सुरेंद्र वर्मा ने पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की, जिससे महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची तथा समाज में अशोभनीय संदेश प्रसारित हुआ।
RAIPUR NEWS. दिल्ली में 20 जुलाई 2026 को CJP के नेतृत्व में आयोजित ‘चलो संसद’ प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर विवाद गहरा गया है। महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में कांग्रेस के दो पदाधिकारियों के खिलाफ रायपुर और बलौदाबाजार में अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। शिकायतकर्ताओं ने दोनों मामलों में आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पहले मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाना में जीशान सिद्दीकी ने कांग्रेस पदाधिकारी सुरेंद्र वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, सुरेंद्र वर्मा ने पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी की, जिससे महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची तथा समाज में अशोभनीय संदेश प्रसारित हुआ। शिकायत में आईटी एक्ट की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 294, 356 और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, दूसरे मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से बलौदाबाजार सिटी कोतवाली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भाटापारा शहर के प्रभारी महामंत्री एवं पूर्व पार्षद संजय बघेल के खिलाफ शिकायत दी गई है। आरोप है कि उन्होंने भी पत्रकार मोहन तिवारी की फेसबुक पोस्ट पर महिलाओं के सम्मान के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की। शिकायत में उनके खिलाफ भी आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
दोनों मामलों में संबंधित थानों ने शिकायतें प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला: कांग्रेस के दो नेताओं के खिलाफ रायपुर और बलौदाबाजार में शिकायत