KORBA NEWS. शहर के टीपी नगर स्थित एक किराए के कमरे में 24 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना से पहले युवक ने देर रात अपने पिता को फोन कर भावुक होते हुए पूछा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने कॉल काट दिया। सुबह परिजन उसके कमरे पहुंचे तो वह फंदे पर लटका मिला।

मृतक की पहचान रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बरपाली का निवासी था और टीपी नगर में किराए के मकान में रहकर ट्रेंड्स स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी एक बहन भी है।

देर रात 2:30 बजे किया था पिता को फोन
परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की अपने पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने दोबारा फोन किया। इस दौरान वह फूट-फूटकर रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था कि “मां मुझसे नाराज क्यों है?” कुछ देर बाद उसने फोन काट दिया। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।

सुबह कमरे में मिला शव
शुक्रवार सुबह जब रोहन ने किसी का फोन नहीं उठाया तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। वे तत्काल उसके किराए के कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर अंदर रोहन का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत सीएसईबी पुलिस चौकी को दी गई।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। एएसपी नीतीश ठाकुर और चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच कर रही है।






































