BALODA BAZAR NEWS. मां महामाया के मंदिर में दर्शन के बहाने पहुंचा युवक पहले माता के चरणों में झुका और प्रणाम किया। इसके बाद मौका मिलते ही प्रतिमा पर चढ़े करीब ढाई लाख रुपये के सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी करतूत मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया। चोरी गया सोना भी बरामद कर लिया गया है।

मामला शहर के बस स्टैंड स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर का है। वार्ड क्रमांक-19 निवासी रोहित कुमार साहू ने 26 जुलाई को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में प्रवेश कर मां महामाया की प्रतिमा से 5 पत्ती वाला मंगलसूत्र और एक पत्ती वाला सोने का लॉकेट चोरी कर लिया। दोनों आभूषणों का वजन करीब दो तोला और कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई गई।

CCTV ने खोल दिया चोरी का राज
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय हुई। मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें एक युवक मंदिर में प्रवेश करता, माता के चरण छूकर प्रणाम करता और फिर मौका पाकर प्रतिमा से आभूषण निकालता नजर आया।
फुटेज में मिले हुलिए और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान अमन कुमार यादव (22), निवासी सिंधोरा, थाना पलारी के रूप में की।

गांव छोड़ रिश्तेदार के घर छिपा था
आरोपी की तलाश में पुलिस टीम सिंधोरा पहुंची, लेकिन गिरफ्तारी के डर से अमन वहां से निकलकर ग्राम गबौद स्थित अपने रिश्तेदार के घर में छिप गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी करना स्वीकार कर लिया।
ITI पास, नौकरी नहीं मिली तो अपराध की राह
पुलिस के अनुसार आरोपी ITI पास है और काफी समय से बेरोजगार था। पूछताछ में आर्थिक तंगी के चलते चोरी करना बताया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए करीब दो तोला वजन के सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल एंड्रॉइड मोबाइल बरामद कर लिया है।

न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 331(3) और 305 के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से आरोपी तक तेजी से पहुंचा गया और चोरी का पूरा मशरूका बरामद कर लिया गया। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।






































