BILASPUR NEWS. न्यायधानी बिलासपुर में लगातार 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर को बाढ़ जैसे हालात में धकेल दिया है। करीब दो दशक बाद आई इस भीषण बारिश से शहर के अधिकांश हिस्से जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं, रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने पांच मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि तीन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है।

पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन 74.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सीपत क्षेत्र में सर्वाधिक 110.2 मिमी वर्षा हुई। भारी बारिश के कारण अर्पा चेक डैम की नहर टूट गई, जिससे देवरीखुर्द, मानिकपुर सहित आसपास के कई रिहायशी इलाकों में तेजी से पानी घुस गया। हजारों लोग जलभराव से प्रभावित हुए हैं और कई घरों में पानी भर गया।

दोमुहानी बना टापू, कलेक्टर बंगले में भी घुसा पानी
बारिश का असर शहर के वीआईपी इलाकों तक पहुंच गया। दोमुहानी क्षेत्र में 10 से अधिक घर चारों ओर से पानी से घिर गए, जहां परिवार रातभर फंसे रहे। वहीं सिविल लाइंस स्थित कलेक्टर बंगले में भी पानी भर गया, जिसके बाद नगर निगम की टीम ने तत्काल जल निकासी का कार्य शुरू किया।

सड़क और नाले का फर्क मिटा, ट्रांसफार्मर डूबने से ब्लैकआउट
तेज बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कें, कॉलोनियां और बाजार जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर सड़क और नाले का अंतर समाप्त हो गया, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया। जलभराव के चलते कई ट्रांसफार्मर डूब गए, जिसके बाद एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। शहर के कई हिस्सों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
निचले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF, नगर निगम और प्रशासन की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है। सरकंडा और चांटीडीह क्षेत्र से अब तक 40 से अधिक लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। बंधवापारा में नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।

रेल और जनजीवन दोनों प्रभावित
लगातार बारिश के कारण रेलवे संचालन भी प्रभावित हुआ है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से पांच मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं और तीन ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। शहर में कई स्थानों पर यातायात बाधित है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। बारिश जारी रहने की संभावना को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।





































