MUMBAI NEWS. बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में अपनी तीसरी शादी के बाद ट्रोलिंग का सामना कर रहे आमिर ने कहा कि उनकी किसी भी पत्नी ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन नहीं किया और उनकी सभी शादियां सिविल मैरिज के तहत हुई हैं।

एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा कि उनकी तीनों शादियां कानून के तहत सिविल मैरिज थीं, इसलिए धर्म परिवर्तन का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई धर्म से हैं। इस तरह उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे दावों को गलत बताया।


आमिर ने अपने परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके यहां अलग-अलग धर्मों के लोग आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी इरा की शादी एक हिंदू युवक से हुई है। वहीं, उनकी दोनों बहनों निखत खान और फरहत खान के पति भी हिंदू हैं। इसके अलावा उनके कजिन मंसूर की शादी भी एक ईसाई महिला से हुई है।

अभिनेता ने कहा कि उनके परिवार में कभी भी धर्म को लेकर कोई भेदभाव नहीं रहा और सभी एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके निजी जीवन को लेकर अफवाहों और भ्रामक दावों पर विश्वास न करें।






































