ODISHA NEWS : ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 11वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की बहुमंजिला इमारत से गिरने से मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्र अपनी महिला मित्र से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। इसी दौरान लड़की की मां अचानक घर लौट आई, जिसके बाद घबराहट में छात्र ने खुद को छिपाने की कोशिश की और हादसे का शिकार हो गया।

दोस्त के फ्लैट पर गया था छात्र
मृतक की पहचान रफान खुर्शीद के रूप में हुई है। वह शहर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। उसके पिता एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर हैं। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार की है। उस समय लड़की घर में अकेली थी और रफान उससे मिलने उसके फ्लैट पर पहुंचा था।

पाइप के सहारे नीचे उतरने की कोशिश में फिसला
जांच में सामने आया है कि लड़की की मां के अचानक घर पहुंचने पर रफान पहले बाथरूम में छिप गया। इसके बाद वह किसी की नजर से बचने के लिए इमारत के डक्ट एरिया में पहुंचा और पाइप के सहारे नीचे उतरने की कोशिश करने लगा। इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों में वह करीब 10वीं मंजिल पर पाइप से लटका हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ देर तक उसने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कैपिटल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने लड़की और उसके परिवार से पूछताछ की है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल इसे अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह केवल एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।






































