RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय (PHQ), नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय पर वन टाइम (OT) नीति के तहत 61 निरीक्षकों (इंस्पेक्टर्स) का स्थानांतरण किया गया है।

जारी आदेश के मुताबिक, नक्सल प्रभावित जिलों बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कोंडागांव में पदस्थ निरीक्षकों को प्रशासनिक आवश्यकता और कार्य व्यवस्था के मद्देनजर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


स्थानांतरित किए गए अधिकारियों को महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, रायगढ़, राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरिया, बालोद तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई सहित कई शहरी और सामान्य जिलों में पदस्थ किया गया है।

पुलिस मुख्यालय का यह कदम विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न जिलों में अनुभवी अधिकारियों की सेवाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। तबादला आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को शीघ्र नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।









































