RAIPUR NEWS. खरीफ सीजन के बीच प्रदेश में खाद की कमी और कथित कालाबाजारी को लेकर बुधवार को राजधानी रायपुर में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने खाद की बोरी की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन रायपुर कलेक्टर के माध्यम से सौंपकर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के रायपुर जिला अध्यक्ष गोपी साहू, महिला जिला अध्यक्ष लक्ष्मी नाग और जिला उपाध्यक्ष ऋचा वर्मा ने आरोप लगाया कि बुआई के महत्वपूर्ण समय में किसान खाद के लिए सोसायटियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, जबकि सरकार स्थिति संभालने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।

किसानों ने गिनाईं समस्याएं
ज्ञापन में पार्टी ने आरोप लगाया कि कई सोसायटियों में खाद का कोटा पहले की तुलना में घटा दिया गया है। जहां पहले प्रति एकड़ दो बोरी डीएपी और चार बोरी यूरिया उपलब्ध कराया जाता था, वहीं अब इसे घटाकर एक बोरी डीएपी और दो बोरी यूरिया कर दिया गया है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि खरपतवारनाशी दवाओं के उपयोग के बाद धान की फसल को तत्काल खाद की आवश्यकता होती है, लेकिन समय पर उपलब्धता नहीं होने से पौधे कमजोर पड़ रहे हैं और उनकी वृद्धि प्रभावित हो रही है। इसके अलावा किसानों को लंबी कागजी प्रक्रिया से गुजरना पड़ रहा है तथा आवेदन के बाद भी खाद मिलने में 15 से 20 दिन तक का समय लग रहा है।

जबरन लिंकिंग और कालाबाजारी का आरोप
JCP ने आरोप लगाया कि कई सोसायटियों में किसानों को खाद के साथ नैनो यूरिया, सल्फर और अन्य जैव उर्वरक खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। वहीं सरकारी केंद्रों में खाद नहीं मिलने के कारण किसानों को निजी दुकानों से अधिक कीमत पर खाद खरीदना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पार्टी की प्रमुख मांगें
पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से खाद का पुराना कोटा बहाल करने, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाकर 2 से 3 दिन के भीतर खाद उपलब्ध कराने, नैनो यूरिया व अन्य उत्पादों की जबरन लिंकिंग पर रोक लगाने तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। पार्टी ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर किसानों के हित में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Chhattisgarh News, Johar chhattisgarh party, Kharif season, protest in the capital, Raipur News, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, Uproar over, Uproar over fertilizer crisis during, अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर, राज्य सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की





































