BHILAI NEWS. माइलस्टोन अकादमी में मंगलवार को कक्षा 12वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संतोष राय उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अकादमी की डायरेक्टर डॉ. ममता शुक्ला द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष कक्षा 12वीं में 22 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 21 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा 28 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में टॉप कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. संतोष राय ने कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।

विद्यालय की डायरेक्टर डॉ.ममता शुक्ला ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों को विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इन सफलताओं के पीछे छात्रों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और अभिभावकों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं एकेडमिक डायरेक्टर शुभम शुक्ला ने भी सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।






































