RAIPUR NEWS. रायपुर प्रेस क्लब में समान नागरिक संहिता (UCC) विषय पर आयोजित संगोष्ठी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि यूसीसी किसी जाति, धर्म, भाषा या पंथ के विकास में बाधा नहीं है, बल्कि यह सभी नागरिकों को समान अधिकार और समान अवसर प्रदान करने की व्यवस्था है। कार्यक्रम का आयोजन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच छत्तीसगढ़ की ओर से किया गया, जिसमें डॉ. सलीम राज सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि समान नागरिक संहिता किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू होने पर सनातन, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी धर्मों के लोगों को समान अधिकार और स्वतंत्रता मिलेगी। उनके अनुसार, यह कहना कि यूसीसी से मुसलमानों को खतरा है, लोगों को भ्रमित करने का प्रयास है।

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले पर इंद्रेश कुमार ने कहा कि सभी व्यवस्थाओं और न्याय प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर निर्णय न्यायपूर्ण होगा। गोरखपुर मठ को राम मंदिर से दूर रखे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राम मंदिर सभी का है और गोरखपुर मठ का भगवान राम से संबंध पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

महात्मा गांधी को ‘कायर’ कहने के आरोपों पर सफाई देते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही कभी ऐसा कहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।

कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे को उठाए जाने पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी इस तरह के कई मुद्दे उठाती रही है, लेकिन हर बार उसे राजनीतिक नुकसान ही उठाना पड़ा।






































