SAHARANPUR NEWS: सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दोस्ती में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी ने अपने परिचितों पर भरोसा कर शादी में इस्तेमाल के लिए अपनी नई BMW X3 कार दे दी, लेकिन शादी के बाद आरोपियों ने कार लौटाने से ही इनकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

76 लाख की BMW खरीदी थी
सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र के मिशन कंपाउंड निवासी कारोबारी संजीव कपूर ने बताया कि उनकी फर्म ने फरवरी 2026 में करीब 76 लाख रुपये की नई BMW X3 खरीदी थी। कार खरीदने के लिए 65 लाख रुपये का बैंक लोन लिया गया, जबकि शेष राशि फर्म की ओर से आरटीजीएस के माध्यम से जमा की गई।

शादी के लिए मांगी कार
आरोप है कि हरि प्रकाश मित्तल, नवीन मित्तल और वंश मित्तल ने पहले कम कीमत पर कार दिलाने का भरोसा दिलाया और बाद में वंश मित्तल की शादी में दुल्हन लाने के लिए कुछ दिनों के लिए BMW मांग ली। दोस्ती और विश्वास के चलते कारोबारी ने कार उन्हें सौंप दी।

शादी के बाद बदल गई नीयत
पीड़ित का आरोप है कि शादी खत्म होने के बाद जब उन्होंने कार वापस मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे। बाद में पता चला कि कार का फास्टैग भी अपने खाते से लिंक कर लिया गया और वाहन का इस्तेमाल जारी रखा गया।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
संजीव कपूर का कहना है कि 10 मई को कार वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और वाहन लौटाने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर सदर बाजार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





































