DANTEWADA NEWS. दंतेवाड़ा जिले के पोटाकेबिन आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से रिक्त सहायक शिक्षक एवं शिक्षक पदों पर अतिथि शिक्षकों (प्राथमिक एवं माध्यमिक) की नियुक्ति की जाएगी। जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा दंतेवाड़ा ने इसके लिए पात्र एवं योग्य स्थानीय अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विभिन्न पोटाकेबिन आवासीय विद्यालयों में विषयवार रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके और अध्ययन-अध्यापन कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो।

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक योग्यताएं पूरी करने पर अपने निकटस्थ अथवा इच्छित पोटाकेबिन आवासीय विद्यालय में निर्धारित प्रारूप में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की सलाह दी गई है।

वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
जिला प्रशासन ने बताया कि पात्रता, शैक्षणिक योग्यता, चयन प्रक्रिया, मानदेय, आवेदन प्रक्रिया तथा संस्थावार एवं विषयवार रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी वेबसाइट का अवलोकन कर सभी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

समग्र शिक्षा दंतेवाड़ा एवं जिला प्रशासन ने जिले के योग्य और शिक्षित युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा है कि वे शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान दें। यह पहल विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार और शिक्षा सेवा से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करेगी।






































