FATEHPUR NEWS : फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय विवादों में घिर गया जब दहेज और जेवरात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। जयमाला के बाद मामला इतना बिगड़ गया कि शादी रुक गई और दोनों पक्षों के बीच मारपीट की नौबत आ गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, उन्नाव जनपद के अचलगंज क्षेत्र के खन्नापुरवा गांव से बारात फतेहपुर के एक गांव पहुंची थी। दुल्हन पक्ष ने बताया कि 17 जून को दूल्हे के खाते में 6.50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। साथ ही, दहेज में लक्जरी कार की मांग भी पहले से की गई थी।

परिजनों के अनुसार, जयमाला के दौरान दूल्हा पक्ष की कुछ हरकतों से दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि वर पक्ष की ओर से कम जेवरात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिससे माहौल बिगड़ गया।

रातभर दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझौते की कोशिशें चलती रहीं। बाद में सहमति के तहत 6.50 लाख रुपये और शादी में हुए खर्च की वापसी पर समझौता हुआ। इसके साथ ही जेवरात और एक कार को जमानत के तौर पर रखा गया।

हालांकि सुबह वर पक्ष ने इस समझौते को मानने से इनकार करते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दोनों पक्षों को समझौते के अनुसार मामले को सुलझाने की हिदायत दी।






































