SAKTI NEWS सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में ड्यूटी से अनुपस्थित रहकर जुआ खेलना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया। जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित आरक्षक की पहचान मनोज कुमार सारथी के रूप में हुई है, जो सक्ती पुलिस लाइन में चालक के पद पर पदस्थ था।

जानकारी के अनुसार, आरक्षक मनोज कुमार सारथी 22 जून 2026 से बिना किसी सूचना और अनुमति के अपने कर्तव्य से अनुपस्थित था। इसी दौरान वह कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में जुआ खेलने पहुंच गया। जुए की फड़ पर छापेमारी के दौरान रजगामार पुलिस ने उसे अन्य जुआरियों के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरक्षक के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद सक्ती एसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस विभाग का कोई भी कर्मचारी यदि किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन का पालन करने तथा कानून के दायरे में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।






































