BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद जवान ने घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला की है।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजाराम प्रजापति के रूप में हुई है, जो CRPF में पदस्थ थे और उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में थी। कुछ दिन पहले ही वे छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार को राजाराम का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह गुस्से में रस्सी लेकर घर से बाहर निकल गया और पास के आम के पेड़ पर चढ़कर फंदा लगा लिया। उसकी मां ने यह देखा तो शोर मचाया।

आवाज सुनकर भाई शिवकुमार प्रजापति और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राजाराम को फंदे से नीचे उतारा। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं, इसलिए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि दिसंबर 2025 में भी राजाराम ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था।

उस दौरान उसने एक वीडियो जारी कर पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना, पैसों की मांग और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया था। बताया गया कि उस घटना के बाद उसका करीब डेढ़ माह तक दो अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चला था। स्वस्थ होने के बाद वह दोबारा ड्यूटी पर लौट गया था, लेकिन पारिवारिक विवाद खत्म नहीं हुआ।

पुलिस जांच में जुटी
मेडिकल कॉलेज अस्पताल पुलिस चौकी ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






































