RAIGARH NEWS: रायगढ़। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पति की मेहनत की कमाई को कथित तौर पर चोरी-छिपे मायके पक्ष तक पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने पत्नी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में महिला का पिता भी आरोपी है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस जांच में करीब 23 लाख रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, घरघोड़ा के वार्ड क्रमांक-5 छाल रोड निवासी पिंगल कुमार बघेल ने वर्ष 2008 में सीमा बघेल से प्रेम विवाह किया था। पिंगल कुमार फेब्रिकेशन और सेंट्रिंग का व्यवसाय करते हैं। बताया गया है कि वे अपनी व्यवसायिक आय को सुरक्षित रखने के लिए नियमित रूप से पत्नी को सौंपते थे।
समय के साथ व्यवसाय बढ़ने पर पत्नी के पिता भरतलाल यादव और भाई कृष्ण कुमार यादव का घर में आना-जाना भी बढ़ गया। इसी दौरान पिंगल कुमार को घर में रखी नकदी कम होने का संदेह हुआ। मामले की सच्चाई जानने के लिए उन्होंने अपने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में कथित रूप से पत्नी को आलमारी से नकदी निकालकर अपने भाई को देते हुए देखा गया। इसके बाद पिंगल कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में कृष्ण कुमार यादव के बैंक खाते में लगभग 23 लाख रुपये के लेन-देन के प्रमाण मिलने की बात सामने आई है। इसके आधार पर पुलिस ने सीमा बघेल, उसके भाई कृष्ण कुमार यादव और पिता भरतलाल यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सीमा बघेल और कृष्ण कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी भरतलाल यादव की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।



































