BILASPUR NEWS. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा गणेश नगर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गली के बीच खून से लथपथ हालत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 26 वर्षीय इरफान बघीरा निवासी नयापारा गणेश नगर के रूप में हुई है। बतया गया कि 16 जून को मोहल्ले के लोगों ने शव देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।

जांच के दौरान पुलिस को शव के पास सीमेंट के दो बड़े पत्थर मिले हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या की गई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार रात इरफान अपने दो दोस्तों के साथ घर से बाहर गया था। उसी दौरान तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय सभी युवक नशे की हालत में थे। पुलिस का मानना है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों दोस्तों ने कथित रूप से पत्थरों से हमला कर इरफान की हत्या कर दी। संदेह के आधार पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

दिनदहाड़े शव मिलने की घटना के बाद गणेश नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले के सभी पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।






































