KORIA NEWS. कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मंगलवार रात हुई दिल दहला देने वाली घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह (53) ने रायपुर रेफर किए जाने के दौरान बिलासपुर पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर रेत उत्खनन को लेकर सत्ताधारी दल से जुड़े नेताओं के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद रात में आरोपी फॉर्च्यूनर वाहन से गांव पहुंचे और मृतकों की गाड़ी को पहले टिपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। आरोप है कि आरोपियों ने वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं दिया।


घटना में भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं चार घायलों को उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से झुलसे नागेंद्र सिंह की भी रायपुर ले जाते समय मौत हो गई। एक अन्य घायल मयंक सिंह की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने कोरिया पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस जघन्य घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए।






































