KESHKAL NEWS. भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरसगांव तहसील कार्यालय में तहसीलदार के रीडर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नामांतरण प्रकरण में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता पहले ही 35 हजार रुपये दे चुका था, जबकि तीसरी किश्त लेते समय ACB ने ट्रैप कर उसे दबोच लिया।

नामांतरण के बदले मांगी थी 70 हजार की रिश्वत
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता बिस्सूलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज करने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई।

बताया गया कि शिकायतकर्ता आरोपी को पहले ही दो किश्तों में 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये देते ही ACB की टीम ने मुकेश रंगारी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। ACB ने रिश्वत की रकम जब्त कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जांच जारी, अन्य की भूमिका भी होगी खंगाली
मामले में डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि, जांच जारी है और विवेचना के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।






































