KORBA NEWS: कोरबा। जिले से नाबालिग किशोरी से ब्लैकमेलिंग कर सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमी ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर दोस्तों में शेयर किया, फिर उसी वीडियो के आधार पर ब्लैकमेलिंग कर छह माह तक किशोरी का शोषण किया गया। इस मामले में कुल 10 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी का स्थानीय युवक होरीलाल चौहान (30 वर्ष) से प्रेम संबंध था। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, होरीलाल ने किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बनाते हुए आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उसे अपने दोस्तों के बीच शेयर कर दिया।

इसके बाद प्रेमी समेत उसके 9 अन्य दोस्तों ने वीडियो का हवाला देकर किशोरी को ब्लैकमेल किया और दिसंबर 2025 से मई 2026 तक लगातार दुष्कर्म का शिकार बनाया। पीड़िता ने अंत में अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बालको थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत पीड़िता का बयान दर्ज किया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया। छानबीन के दौरान सभी 10 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में होरीलाल चौहान, कन्हैया सिंह (25 वर्ष), उदय चौहान (22 वर्ष), मनीष चौहान (22 वर्ष), बुग्गु चौहान (21 वर्ष), राकेश सिंह (40 वर्ष), दशरथ पटेल (32 वर्ष), चित्रभान पटेल (30 वर्ष), शत्रुघ्न चौहान (25 वर्ष) और योगेश चौहान (22 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता नाबालिग होने के कारण पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई है। ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक वीडियो को भी मोबाइल से जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।


































