JALAUN NEWS: जालौन: आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर लगाए गए भाजपा समर्थक होर्डिंग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, कालपी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरहना आलमगीर निवासी भाजपा कार्यकर्ता गौरव पटेल ने पार्टी के समर्थन में एक होर्डिंग लगवाया था, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर भी प्रदर्शित थी।

आरोप है कि गांव के 18 वर्षीय समीर ने होर्डिंग पर लगी मुख्यमंत्री की तस्वीर पर गोबर लगा दिया। वहीं, उसके साथी 18 वर्षीय जितेंद्र यादव ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। सोमवार दोपहर वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई।

इसके बाद गौरव पटेल ने कालपी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने और उसका वीडियो प्रसारित करने के आरोप में समीर और जितेंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि आरोपी जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी समीर की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, समीर के घर पर ताला लगा हुआ है और उसका परिवार वर्तमान में छत्तीसगढ़ में मजदूरी करता है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































