BIJAPUR NEWS. कभी नक्सली गतिविधियों और जनअदालतों के लिए चर्चित रहा बीजापुर का कोंडपल्ली गांव अब विकास और सुशासन की नई कहानी लिख रहा है। सुशासन तिहार 2026 के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हेलीकॉप्टर से कोंडपल्ली पहुंचे और गांव के बीच इमली के विशाल पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क, बिजली, शिक्षा, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ओं मुख्यमंत्री को बताया कि एक समय ऐसा था जब नक्सलियों के भय के कारण सामान्य जीवन प्रभावित रहता था। लेकिन अब गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे क्षेत्र में विश्वास और सकारात्मक बदलाव का माहौल बना है।

विशेष बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने उसी स्थान पर जनचौपाल लगाई, जहां कभी नक्सलियों की जनअदालतें आयोजित होती थीं। नक्सल प्रभाव में कमी आने के बाद अब इस क्षेत्र में विकास कार्यों ने गति पकड़ ली है। सरकार द्वारा सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

आदिवासियों तक सीधे पहुंचेगा विकास का लाभ : मुख्यमंत्री
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सली हिंसा और बाधाओं के कारण वर्षों तक आदिवासी समुदाय विकास की मुख्यधारा से दूर रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति के चलते नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और अब विकास की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के लोगों को शासन की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिले तथा विकास का यह सिलसिला निरंतर आगे बढ़ता रहे।



































