RAIPUR NEWS. रथयात्रा के दौरान पुरी जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने गोंदिया–पुरी–गोंदिया के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 08801/08802 रथयात्रा स्पेशल दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे लगाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 08801 गोंदिया से 2, 9, 16 और 29 जुलाई को रवाना होगी।

यह दुर्ग स्टेशन पर शाम 3:58 बजे और रायपुर स्टेशन पर शाम 5:10 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह 10 बजे पुरी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08802 पुरी से 3, 10, 17 और 30 जुलाई को दोपहर 1 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन तड़के 3:10 बजे रायपुर, 4:28 बजे दुर्ग और सुबह 7 बजे गोंदिया पहुंचेगी।

यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, खरियार रोड, कांटाबांजी, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड स्टेशनों पर रुकेगी।

रेलवे ने बताया कि स्पेशल ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 10 स्लीपर, 3 थर्ड एसी, 2 सेकेंड एसी, सामान्य श्रेणी के कोच तथा 2 दिव्यांग सह गार्ड कोच शामिल रहेंगे, ताकि यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध कराई जा सकें।

पुरी की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को निकलेगी। यह आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर आयोजित होने वाला देश का प्रमुख धार्मिक उत्सव है। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा तीनों अलग-अलग रथों में श्रीमंदिर से गुंडिचा मंदिर तक यात्रा करते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।






































