BILASPUR NEWS. रातों-रात धन दोगुना करने का लालच देकर जांजगीर-चांपा के एक किराना व्यापारी से 2 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को अयोध्या का पंडित (महाराज) बताकर व्यापारी को अपने झांसे में लिया और उसके पैसों से भरा थैला लेकर फरार हो गया था। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पुलिस के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम रोगदा निवासी जनकराम साहू (57) किराना व्यवसायी हैं। वे 12 जून को सामान खरीदने के लिए बिलासपुर के व्यापार विहार आए थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात दो अज्ञात व्यक्तियों से हुई। दोनों ने खुद को अयोध्या का पंडित बताते हुए विशेष तांत्रिक विधि और धार्मिक अनुष्ठान के जरिए रकम को रातों-रात दोगुना करने का दावा किया।

ठगों की बातों में आकर व्यापारी ने अपने पास मौजूद रुपयों से भरा थैला उन्हें सौंप दिया। मौका मिलते ही दोनों आरोपी 2.50 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों के दुर्ग जिले में छिपे होने की जानकारी मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुर्ग के केला बाड़ी, थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी हैदर अली अंसारी (60 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं उसका साथी वासिम खान अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धन दोगुना करने, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर किए जाने वाले ऐसे प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।






































