DHAMTARI COUPLE SUICIDE : धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बीरेतरा में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 70 वर्षीय नंदराम साहू और उनकी पत्नी सुशीला बाई (65 वर्ष) अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में मिलने से पूरे गांव में सनसनी और शोक का माहौल छा गया। 
स्थानीय लोगों ने सुबह जब दोनों को मृत अवस्था में देखा तो तुरंत सूचना कुरूद पुलिस को दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुजुर्ग दंपत्ति लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्महत्या करने का फैसला लिया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मर्ग कायम कर पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

कुरूद थाना प्रभारी ने बताया, “हम सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं। स्वास्थ्य समस्या के अलावा अन्य कोई कारण तो नहीं था, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही पता चलेगा।”

इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बहुत शांत और सज्जन स्वभाव के थे। अब परिवार और गांव वालों में गहरा दुख व्याप्त है।






































