RAIPUR NEWS. नई दिल्ली से उड़ान भरकर रायपुर आ रही फ्लाइट अचानक नागपुर एयरपोर्ट पहुंच गई, जिसके कारण हड़कंप मंच गया। दरअसल, दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5138 गुरुवार रात खराब मौसम के कारण रायपुर एयरपोर्ट पर निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सकी। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को नागपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

मौसम में सुधार होने के बाद फ्लाइट रात करीब 11:30 बजे रायपुर पहुंची, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, फ्लाइट गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और रात 8:55 बजे रायपुर पहुंचने वाली थी।

हालांकि राजधानी रायपुर में तेज बारिश और कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण विमान को उतरने में दिक्कत हुई। पायलट ने कुछ समय तक एयरपोर्ट के आसपास विमान को होल्डिंग पैटर्न में रखा, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने पर फ्लाइट को नागपुर भेजने का निर्णय लिया गया। फ्लाइट में प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेता सवार थे।

इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह और भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास शामिल थे। इसके अलावा 60 से ज्यादा यात्री इस विमान से यात्रा कर रहे थे। पायलट की जानकारी के बाद भी विमान के अंदर अफरातफरी मची रही।

नागपुर में सुरक्षित लैंडिंग के बाद मौसम सामान्य होने पर सभी यात्रियों को लेकर विमान दोबारा रायपुर के लिए रवाना हुआ और देर रात राजधानी पहुंचा। घटना के दौरान किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी सुरक्षित रहे। हालांकि पायलट की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टला।




































