RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। प्रदेश में अब तक केवल 47 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 70 प्रतिशत कम है। बारिश की कमी के चलते राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी है। शुक्रवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, मौसम विभाग ने प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार, शनिवार से राज्य में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। 27 जून से 30 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नया मौसम तंत्र सक्रिय होने के बाद जून के अंतिम दिनों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे अब तक बने वर्षा के बड़े घाटे में कुछ हद तक सुधार होने की उम्मीद है।







































