BIJNOR NEWS बिजनौर जिले के नांगल सोती थाना क्षेत्र से फूड पॉइजनिंग का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शादी समारोह से घर लाए गए बासी रसगुल्ले खाने के बाद दो परिवारों और पड़ोसियों की तबीयत बिगड़ गई। इस घटना में दो वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, जीतपुर खास गांव निवासी 65 वर्षीय सुधा देवी कुछ दिन पहले अपने रिश्तेदार के यहां दौलतपुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। समारोह से लौटते समय वह बची हुई मिठाई, जिसमें रसगुल्ले शामिल थे, अपने घर ले आईं। बताया जा रहा है कि मिठाई करीब पांच दिनों तक घर में रखी रही।

मंगलवार रात को सुधा देवी ने ये रसगुल्ले अपने परिवार के सदस्यों को खिलाए। इसके बाद बची हुई मिठाई पड़ोसियों में भी बांट दी गई। मिठाई खाने के कुछ समय बाद लोगों को पेट दर्द, उल्टी, दस्त, चक्कर और सिरदर्द जैसी शिकायतें होने लगीं। रात बढ़ने के साथ कई लोगों की हालत गंभीर हो गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

फूड पॉइजनिंग का सबसे ज्यादा असर राजीव के परिवार पर पड़ा। उनके दो वर्षीय बेटे देव कुमार की हालत तेजी से बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसकी चार वर्षीय बहन पल्लवी की हालत भी गंभीर बनी हुई है और वह डॉक्टरों की निगरानी में उपचाराधीन है।

घटना में प्रभावित अन्य लोगों का भी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नांगल सोती थाना प्रभारी रामप्रताप ने बताया कि गर्मी के कारण रसगुल्ले खराब हो गए थे। इन्हें खाने से लोगों को फूड पॉइजनिंग हुई, जिसके चलते उल्टी-दस्त और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हुईं। उन्होंने बताया कि एक बच्चे की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य सभी प्रभावित लोगों का इलाज जारी है।





































