DELHI NEWS: नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले एक युवक को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय गुरमन सिंह के रूप में हुई है, जो ‘Road Safety Wala’ नाम से सोशल मीडिया पर वीडियो बनाता था।

पुलिस के अनुसार, वह जानबूझकर महिलाओं और लड़कियों की स्कूटी या बाइक को टक्कर मारता, फिर तुरंत “सॉरी दीदी” कहकर खुद को बेगुनाह दिखाने की कोशिश करता था। इस पूरी घटना को उसका साथी कैमरे में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर देता था।

शिकायत के बाद खुला मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब सनी अरोड़ा नाम के एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी सड़क पर चल रही महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को जानबूझकर निशाना बनाता था। इसके बाद दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने जांच शुरू की।

महिलाओं को बनाता था निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी के अधिकतर वीडियो महिलाओं और किशोरियों को टारगेट कर बनाए गए थे, ताकि सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज और लाइक्स मिल सकें। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।

मोबाइल से मिले कई सबूत
डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने गुरमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन से कई वीडियो, स्क्रीनशॉट और सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़े सबूत मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि महिलाओं से जुड़े वीडियो तेजी से वायरल होते थे और इसी वजह से वह ऐसी हरकतें करता था।

लाखों फॉलोअर्स वाला था अकाउंट
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के फेसबुक पेज ‘Road Safety Wala’ पर 2.10 लाख से अधिक फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर करीब 21 हजार सब्सक्राइबर्स थे। फिलहाल पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स हटाने की प्रक्रिया में जुटी है और यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है.
View this post on Instagram





































