AMBIKAPUR NEWS अंबिकापुर । सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका को गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का भय दिखाकर 4.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सरगुजा पुलिस ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा और न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2026 को स्कूल से घर लौटने के बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए आरोप लगाया कि वह इंटरनेट पर अश्लील फोटो और वीडियो देखती हैं, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। साथ ही उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी भी दी गई।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के डर से शिक्षिका घबरा गईं। इसका फायदा उठाते हुए ठगों ने विभिन्न बहाने बनाकर उनसे कई किश्तों में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए। आरोपियों ने फोन-पे और बैंक खातों के जरिए कुल 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया।

शिकायत मिलने के बाद गांधीनगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर पोर्टल, बैंक खातों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम पहले अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई गई और बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर कर एटीएम के माध्यम से निकाली गई।

तकनीकी जांच और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ पहुंची, जहां से मामले में संलिप्त तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीराम अहिरवार (34), पन्नालाल यादव (40) और अभिलाषा अहिरवार (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अपने बैंक खातों में मंगवाकर उसे आगे ट्रांसफर करने और नकदी निकालने का काम करते थे। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




































