JALAUN NEWS : जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम खरका में गुरुवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेल रहा पांच वर्षीय मासूम बच्चा पार्थ यादव अचानक हुए हादसे का शिकार हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, भानुप्रताप यादव का बेटा पार्थ घर के बाहर खेल रहा था। वह लगभग 50 मीटर दूर एक चबूतरे पर जाकर बैठ गया। इसी दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह अनियंत्रित होकर पास के नाले में गिर गया। बताया जा रहा है कि बच्चे को पहले से मिर्गी की बीमारी थी, जिसके चलते यह हादसा और भी गंभीर हो गया।
कुछ देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में घर से कुछ दूरी पर स्थित नाले में देखने पर बच्चा पानी में फंसा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजन तुरंत बच्चे को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के इस बयान के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम पसर गया। मासूम की मौत से उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। वहीं, कुठौंद थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि इस मामले की पुलिस को कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई आवश्यक होने पर करेगी।



































