रायपुर: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है, लेकिन अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के सक्रिय होने से वातावरण अस्थिर है। 5 और 6 मई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए अल्पकालिक येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की आशंका है।

रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में गादीरास में 2 सेमी और जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा, नारायणपुर में करीब 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग लगातार निगरानी रख रहा है।





































