AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ट्रांसपोर्ट नगर कदमपारा इलाके में एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पति-पत्नी अपने घर में साथ सोए थे। मंगलवार सुबह महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में अर्धनग्न अवस्था में घर में मिला। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं इस दर्दनाक वारदात के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






































